Sonbhadra News: संवरा में चार साल से अधूरा पड़ा मिनी आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन.
संवरा ग्राम पंचायत में मिनी आंगनबाड़ी केंद्र का भवन चार साल से अधूरा पड़ा है। निर्माण पूरा कराने की मांग को लेकर भाकपा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर निर्माण में देरी, गुणवत्ता और धनराशि के इस्तेमाल की जांच की मांग की।
sonbhadra
1:01 PM, Sep 25, 2026
Share:


चार साल से अधूरे पड़े मिनी आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को पूरा कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते संवरा ग्राम पंचायत के ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी ब्लॉक की संवरा ग्राम पंचायत में एक मिनी आंगनबाड़ी केंद्र पिछले चार साल से अधूरा पड़ा है। इससे छोटे बच्चों और महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर प्रदर्शन किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेतृत्व में ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। सोनभद्र के जिलाधिकारी को भी पत्र लिखकर निर्माण पूरा कराने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में देरी के कारणों, काम की गुणवत्ता, स्वीकृत पैसे के इस्तेमाल और अब तक हुई कार्रवाई की जांच हो। उनका कहना है कि अगर जांच में किसी ठेकेदार, संस्था या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन में ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उसके आधार पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि मिनी आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण जल्द से जल्द तय मानकों के हिसाब से पूरा किया जाए, ताकि बच्चों और महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके। प्रदर्शन में रामपति, दसमत खरवार, राजपति, आरती देवी, अनिता, देवमति, सरिता, संगीता, सोनकुमारी, फूलमती, राजकुमारी, रामलखन खरवार, सुनीता, विष्णु खरवार, लालू बीयर और सुनील पांडेय सहित कई ग्रामीण शामिल थे। वही भाकपा के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि जनता से जुड़े निर्माण कार्य को इतने लंबे समय तक अधूरा रखना एक गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। विश्वकर्मा ने अधूरे भवन का निर्माण जल्द पूरा करने को भी कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आगे भी आंदोलन किया जाएगा।



