Sonbhadra News: प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कनहर परियोजना का किया निरीक्षण, बचे कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश.
प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. हंसराज विश्वकर्मा ने अमवार स्थित निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याएं भी सुनीं। इसके बाद सीएचसी दुद्धी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और जर्जर भवनों की मरम्मत के निर्देश दिए।
sonbhadra
7:17 PM, Jul 22, 2026
Share:


अमवार स्थित कनहर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को अमवार पहुंचकर निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कनहर सिंचाई परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूरा होने से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाई जाएं। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जर्जर भवनों की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, विकास कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने गांव चौपाल संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, श्रवण कुमार गौड़, अपना दल (एस) के अंजनी पटेल, उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



