Sonbhadra News: आसनडीह की चौपाल में प्रभारी मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश.
बभनी के आसनडीह गांव में आयोजित चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, जमीन विवाद, आंगनबाड़ी केंद्र और मारपीट के मामलों से जुड़ी शिकायतें उठाईं। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
sonbhadra
6:58 PM, Oct 4, 2026
Share:


आसनडीह चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी विकास खंड के आसनडीह गांव में रविवार को आयोजित चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, जमीन के विवाद समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चौपाल में ग्रामीणों ने गांव में बिजली की समस्या और खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए जल्द सुधार कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब होने से आवागमन में परेशानी होती है। वहीं बिजली से जुड़ी समस्याओं के कारण भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके की समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जोबेदह गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण नहीं होने की शिकायत भी चौपाल में की गई। ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र नहीं होने से बच्चों और महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सर्वे सेटलमेंट में नाम गलत तरीके से दर्ज कराने का आरोप जमीन से जुड़े मामले में जवाहिर खरवार ने शिकायत की कि सर्वे सेटलमेंट में गलत तरीके से नाम दर्ज करा लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि करीब दो सौ फाइलें एआरओ कोर्ट ओबरा में लंबित हैं। इनमें शिवसरन, रामजी, कुंजबिहारी, देवसाह, पारसनाथ, सुबन, राम औरत समेत करीब 50 किसानों के मामले शामिल हैं। ग्रामीणों ने मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। हंसलाल कोंगा ने शिकायत करते हुए बताया कि घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मामले में कार्रवाई कराने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने अन्य स्थानीय समस्याओं से भी प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण है। अधिकारी गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं। इस दौरान जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, शारदा सिंह खरवार, श्रवण सिंह गोंड, मानसिंह गोंड, सुषमा सिंह गोंड, मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


