Sonbhadra News: अफसरों को प्रभारी मंत्री का अल्टीमेटम, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना होगा सुनिश्चित.
प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने विकास कार्यों और सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की। जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने को कहा।
sonbhadra
4:55 PM, Sep 22, 2026
Share:


प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा बैठक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला कार्यक्रम और बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की पेयजल आपूर्ति का होगा सत्यापन-:
समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि गांवों में योजना के माध्यम से हो रही पेयजल आपूर्ति का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। इसके लिए टीम गठित कर जांच कराई जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि ग्रामीणों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल रहा है। सत्यापन के दौरान सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध ढंग से निराकरण कराने के भी निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विद्यालयों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण-:
प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में भवन और कक्षों से संबंधित आवश्यक कार्यों को जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से कराने की प्रक्रिया चल रही है।
पात्र लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ-:
बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



