Sonbhadra News: मोबाइल चार्जर ने छीनी जिंदगी, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया.
कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा ग्राम पंचायत के नरोईयादामर टोला निवासी अनुज गिरी (30) की शनिवार रात मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगाते समय करंट लगने से मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी विंढमगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
sonbhadra
11:46 AM, Jul 5, 2026
Share:


मृतक का फ़ाइल फोटो।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला नरोईयादामर में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगाते समय हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, नरोईयादामर निवासी अनुज गिरी (30) पुत्र श्यामलाल गिरी शनिवार रात करीब नौ बजे अपने घर में मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक वह तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
युवक की मौत की सूचना मिलते ही कोन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जाता है कि अनुज गिरी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से पत्नी के साथ चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि अनुज परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों के पालन-पोषण में मदद मिल सके। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगाते समय युवक करंट की चपेट में आ गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
