Sonbhadra News: ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर घायल, वाराणसी रेफर.
शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर पुसौली के पास ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल वंदना त्रिपाठी (29) और उनकी पुत्री समीक्षा (9) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
8:07 PM, Jun 8, 2026
Share:


पुसौली के पास सड़क हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाने में जुटे पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पुसौली इलाके के पास हुआ, जहां एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय वंदना त्रिपाठी पत्नी अवधेश त्रिपाठी तथा उनकी 9 वर्षीय पुत्री समीक्षा, निवासी कटरा कोतवाली मिर्जापुर एवं वर्तमान में पुसौली में रह रही थीं।
सोमवार शाम करीब 6:30 बजे दोनों स्कूटी से पुसौली से रॉबर्ट्सगंज कस्बे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक संख्या UP 53 FT 2555 ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज के एल-2 इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
हादसे के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही स्थानीय नागरिकों ने मुख्य मार्ग से स्पीड ब्रेकर हटाए जाने को दुर्घटनाओं में वृद्धि का कारण बताया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल यातायात सामान्य है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन जनपद में लगातार हो रहे हादसे ने लोगों को सकते में ला दिया है।
