Sonbhadra News: नमो घाट हत्याकांड: चोपन में जायसवाल समाज ने दी श्रद्धांजलि, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग.
खलियारी निवासी राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की वाराणसी के नमो घाट पर हुई हत्या से आहत जायसवाल समाज ने मंगलवार को चोपन मुख्य बाजार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। समाज के लोगों ने दिवंगत की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
sonbhadra
10:50 AM, May 27, 2026
Share:


दिवंगत राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू को श्रद्धांजलि अर्पित करते जायसवाल समाज के पदाधिकारी व सदस्य।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
वाराणसी के नमो घाट पर खलियारी निवासी राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की हुई हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस दुखद घटना के बाद मंगलवार को चोपन मुख्य बाजार में जायसवाल समाज के लोगों ने एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत राजेश जायसवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समाज के लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की। सभा में वक्ताओं ने कहा कि राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा रहेगा।
मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल ने कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि गिरफ्तार दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा।
विज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान जायसवाल समाज के चोपन अध्यक्ष सुनील जायसवाल ने दिवंगत राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि समाज इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के दुख में बराबर का सहभागी है। नीरज जायसवाल ने सभी लोगों से एकजुट होकर पीड़ित परिवार का मनोबल बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा इस तरह घटना की पुनावृति न हो इसके लिए दोषिये पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में राजन जायसवाल, नीरज जायसवाल, चंदन जायसवाल, संदीप जायसवाल, सोनू, सुनील, प्रकाश, आशीष, पवित्र, अभिषेक सहित जायसवाल समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की तथा दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बता दे कि वाराणसी के प्रमुख पर्यटन स्थल नमो घाट पर दोस्तों संग घूमने आए राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद घाट की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सिक्योरिटी एजेंसी संचालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
