मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news neet paper leak case swarn jayanti chowk echoed with slogans of dharmendra pradhan resign

Sonbhadra News: NEET पेपर लीक मामला: 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से गूंजा स्वर्ण जयंती चौक.

NEET पेपर लीक मामले और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से स्वर्ण जयंती चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से स्वर्ण जयंती चौक गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं की रिहाई तथा छात्रों के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

sonbhadra

5:48 PM, Jul 22, 2026

Share:

Sonbhadra News: NEET पेपर लीक मामला: 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से गूंजा स्वर्ण जयंती चौक.
logo

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में रॉबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।

सोनभद्र।

राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के बैनर तले बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय से स्वर्ण जयंती चौक तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। इस दौरान राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध किया गया।

Img

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई, हालांकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला लेकर स्वर्ण जयंती चौक की ओर बढ़ रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पुलिस ने यूथ कांग्रेस के महासचिव रोहिल मिश्रा और मृदुल मिश्रा से पुतला छीन लिया। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपना मार्च जारी रखा और स्वर्ण जयंती चौक पहुंचकर सभा आयोजित की। पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों के हितों की रक्षा को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

Img

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठाने वाले राहुल गांधी को गिरफ्तार कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन सरकार इस गंभीर विषय पर जवाबदेह होने के बजाय विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई कर रही है।

Img

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है और अब बदलाव चाहता है।

विज्ञापन

Img

पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विपक्ष को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती रहेगी।

Img

जिला उपाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार, शिक्षा और लगातार हो रहे पेपर लीक जैसी समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान के बजाय विरोध की आवाज को दबाने में लगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी।

Img

यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में संघर्ष जारी रखेगी।

Img

प्रदर्शन के दौरान स्वर्ण जयंती चौक पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है तथा जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान, वरिष्ठ नेता जगदीश मिश्रा, गोपाल स्वरूप पाठक, सेतराम केसरी, श्रीकांत मिश्रा, सिद्धार्थ प्रजापति, राजबली पांडे, राहुल त्रिपाठी, हिमाचल साहनी, दयाशंकर पांडे, आशीष सिंह, बाबूलाल पनिका, शेखर शरण सिंह, शीतला सिंह पटेल, प्रदीप चौबे, जयशंकर भारद्वाज, सुनील मिश्रा, प्रांजल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.