Sonbhadra News: सीमा सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती, मिशन शक्ति पिकेट व चेक पोस्ट का उद्घाटन.
बीजपुर में शुक्रवार को सीओ विनय प्रभाकर सहानी ने थाना परिसर में मिशन शक्ति पिकेट और यूपी-एमपी सीमा के सिरसोती गांव के पास पुलिस चेकपोस्ट का उद्घाटन किया। चेकपोस्ट से अंतरराज्यीय सीमा पर निगरानी बढ़ेगी, वहीं मिशन शक्ति पिकेट से महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी। इस दौरान थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।
sonbhadra
7:36 PM, Nov 20, 2026
Share:


बीजपुर में मिशन शक्ति पिकेट और पुलिस चेकपोस्ट का उद्घाटन कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अंतरराज्यीय सीमा पर निगरानी बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम बीजपुर क्षेत्र को दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनय प्रभाकर सहानी ने बीजपुर थाना परिसर में नवनिर्मित 'मिशन शक्ति पिकेट' और उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा से सटे सिरसोती गांव के पास स्थापित पुलिस चेक पोस्ट का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर सहानी ने कहा कि अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां पुलिस चेक पोस्ट की लंबे समय से अति आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी और अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी। वहीं, थाना परिसर में मिशन शक्ति पिकेट की स्थापना से महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित सहायता व सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में और अधिक सुविधा होगी। इस मौके पर बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी सीमा पर पुलिस चौकी और थाने में मिशन शक्ति पिकेट शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व सुविधा के लिहाज से सकारात्मक कदम बताया।


