Sonbhadra News: मूसलाधार बारिश में एनटीपीसी टाउनशिप डूबी, सीआईएसएफ ने 3 बच्चों समेत 7 लोगों को सुरक्षित बचाया.
रिहंदनगर एनटीपीसी टाउनशिप में रविवार देर रात मूसलाधार बारिश से करीब साढ़े चार फीट तक जलभराव हो गया, जिससे तरंग ऑडिटोरियम और क्वार्टर नंबर ए-143 के पास एक परिवार के तीन बच्चों समेत सात लोग घर में फंस गए। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ फायर विंग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय व रस्सियों की मदद से दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
sonbhadra
7:11 PM, Aug 17, 2026
Share:


रिहंदनगर एनटीपीसी टाउनशिप में भीषण जलभराव के बीच सीआईएसएफ फायर विंग ने सात लोगों को सुरक्षित बचाया सफलतापूर्वक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण रिहन्दनगर एनटीपीसी टाउनशिप में भीषण जलभराव हो गया। इस दौरान सीआईएसएफ (CISF) फायर विंग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के 3 बच्चों सहित 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह आपात स्थिति आधी रात के करीब पैदा हुई, जब तरंग ऑडिटोरियम और क्वार्टर नंबर A-143 के पास के आवासीय इलाके में बारिश का पानी भर गया। देखते ही देखते जलस्तर लगभग 4.5 फीट तक पहुंच गया, जिससे कई लोग अपने घरों में फंस गए। रात करीब 00:10 बजे एनटीपीसी के वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) धर्मेंद्र गिरि से सूचना मिलने पर सहायक कमांडेंट (फायर) आलोक कुमार चौधरी ने तुरंत रेस्क्यू टीम और वॉटर टेंडर (UP-64-CT-4898) को मौके के लिए रवाना किया। घने अंधेरे और कमर तक भरे पानी के बीच दमकलकर्मियों ने जलमग्न क्वार्टरों में तलाशी अभियान शुरू किया। लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और रस्सियों की मदद से टीम ने 2 पुरुषों, 2 महिलाओं और 3 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभियान के दौरान एसी (एग्जीक्यूटिव) पी. शिव राव, अग्निशमन निरीक्षक और एनटीपीसी के एचआर अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। रेस्क्यू किए गए सभी 7 लोगों को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत एनटीपीसी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद सभी को सुरक्षित पाया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। क्षेत्र में किसी अन्य व्यक्ति के न फंसे होने की पुष्टि करने के बाद, राहत एवं बचाव दल सभी उपकरणों के साथ सुरक्षित फायर स्टेशन लौट आया।



