Sonbhadra News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर राजमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां: विकास, नेटवर्क, अवैध अस्पताल और वन संपदा पर बोले प्रभारी मंत्री.
जनपद दौरे पर पहुंचे जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मीडिया संवाद कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए जिले के विकास, नेटवर्क समस्या, खेल सुविधाओं, सड़क, पेयजल और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
sonbhadra
5:16 PM, Jun 14, 2026
Share:


सोनभद्र पहुंचे प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मीडिया से किया संवाद।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को चुर्क स्थित सर्किट हाउस में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ जिले से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मीडिया द्वारा अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के कारण होने वाली मौतों के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी अवैध अस्पताल या डॉक्टर की लापरवाही से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हर घर नल योजना में आने वाली समस्या की वजह से पानी रोजाना न पहुंचने पर उन्होंने कहा हर घर नल योजना से वंचित लोगों तक जल्द पहुंचाया जाएगा पानी। 28 तक पूरे सोनभद्र को योजना से संतृप्त करने का लक्ष्य है। जहां पानी नहीं पहुंचा है, वहां जांच कर होगी कार्रवाई। जिले में नेटवर्क की समस्या पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह गंभीर विषय है। संबंधित विभागों से सर्वे कराकर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले नेटवर्क व्यवस्था में सुधार हो, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे, हालांकि इसकी गारंटी नहीं दी जा सकती। प्रस्तावित बिजली परियोजनाओं के कारण लाखों पेड़ों की कटाई और वन संपदा को होने वाले नुकसान के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। परियोजनाओं से जनता को होने वाले लाभ और पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन कर आगे निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां पेड़ काटे जाएंगे, वहां उनकी भरपाई के लिए बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण और उनकी सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। खेल सुविधाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि सोनभद्र में एक आधुनिक स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से बातचीत हुई है और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले में गठित एसआईटी द्वारा जांच जारी है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गाजीपुर में कथित फर्जी एनकाउंटर के सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि कोई कार्रवाई गलत पाई जाती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई होगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में सड़क, पेयजल, शिक्षा, खेल और संचार सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
