Sonbhadra News: दीपावली पर सोनभद्र पुलिस ने लौटाई 151 परिवारों की खुशियां, 27 लाख के मोबाइल बरामद.
दीपावली पर सोनभद्र पुलिस ने 151 परिवारों को खुशियों की सौगात दी। CEIR पोर्टल की मदद से 27 लाख रुपये कीमत के 151 खोए मोबाइल फोन बरामद किए गए। क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
sonbhadra
1:37 PM, Nov 5, 2026
Share:


दीपावली पर सोनभद्र पुलिस ने 151 परिवारों को लौटाईं खुशियां, 27 लाख के मोबाइल बरामद कर पेश की मिसाल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
दीपावली के त्योहार पर सोनभद्र पुलिस ने 151 परिवारों को खुशियों की सौगात दी है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से सितंबर 2026 से अब तक 151 खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए दीपावली का यह तोहफा किसी बड़ी खुशी से कम नहीं रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में मोबाइल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के समस्त थानों की संयुक्त टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने का काम किया। संयुक्त पुलिस टीमों ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से मोबाइल फोन की पहचान और लोकेशन संबंधी तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान सितंबर 2026 से अब तक कुल 151 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वितरित किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। कई लोगों के लिए यह दीपावली का यादगार उपहार बन गया। मोबाइल स्वामियों ने सोनभद्र पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और बरामदगी में जुटी टीमों के प्रति आभार जताया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता सर्विलांस सेल, एसओजी और सभी थानों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते मोबाइल की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


