Sonbhadra News: महाशिवरात्रि पर अजीरेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, आस्था और उत्सव का दिखा संगम.
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जरहां स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध अजीरेश्वर धाम में रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। दूर-दराज के इलाकों से हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की।
sonbhadra
8:29 PM, Feb 15, 2026
Share:


आस्था, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बना आयोजन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जरहां स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध अजीरेश्वर धाम में रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। दूर-दराज के इलाकों से हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भस्म व पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत वातावरण में पूरा अजीरेश्वर धाम हर ओर शिवमय नजर आ रहा था। महाशिवरात्रि के अवसर पर परिसर में भव्य मेले का भी आयोजन किया गया, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने भरपूर आनंद उठाया। खिलौनों, चूड़ी, कपड़े, मिठाई और स्थानीय व्यंजनों की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ रही। खिलौने और खेल-तमाशे बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं युवाओं और महिलाओं ने खरीदारी का भी खूब लुत्फ उठाया। प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ मंदिर समिति के कार्यकर्ता भी श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देते नजर आए। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था की गई थी जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। अजीरेश्वर धाम में हर वर्ष महाशिवरात्रि पर आयोजित यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होता है बल्कि यह क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है । दूरदराज के गांवों से आए लोग आपस में मिलते-जुलते, मेल-मिलाप करते और उत्सव का आनंद साझा करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने बताया कि अजीरेश्वर धाम में पूजा-अर्चना करने से मन को शांति मिलती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कई भक्तों ने बताया कि वे वर्षों से यहां आकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते आ रहे हैं।
