Sonbhadra News: डीएम के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज.
सोनभद्र में डीएम चर्चित गौड़ के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज कर दिया गया है। सुकृत से मारकुंडी घाटी तक तीन टीमों के साथ अनपरा-शक्तिनगर और बीजपुर मार्गों पर पैच मरम्मत का काम जारी है। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में कैट-आई, चेतावनी बोर्ड और अन्य सड़क सुरक्षा संकेतक भी लगाए जा रहे हैं।
sonbhadra
6:37 PM, Aug 26, 2026
Share:


गड्ढामुक्त अभियान के तहत सड़क की मरम्मत में जुटी टीम, मशीन और मजदूरों की मदद से क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने का अभियान तेज कर दिया गया है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में विभिन्न प्रमुख मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत, पैच कार्य और सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम कराए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य वाहन चालकों और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में एसीपी टोलवेज द्वारा सुकृत से मारकुंडी घाटी तक सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। टीमें सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत का कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर कैट-आई लगाने तथा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा बोर्ड लगाए जाने का कार्य भी कराया जा रहा है। इन सुरक्षा संकेतकों के माध्यम से वाहन चालकों को संवेदनशील स्थानों के प्रति समय रहते सावधान किया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की ओर से भी प्रमुख मार्गों पर गड्ढामुक्ति और पैच मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अनपरा-शक्तिनगर और बीजपुर समेत अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर क्षतिग्रस्त हिस्सों में गिट्टी डालकर पैच मरम्मत की जा रही है। इसके बाद रोलर के माध्यम से सड़क को व्यवस्थित और मजबूत किया जा रहा है। यह कार्य अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड की देखरेख में कराया जा रहा है। एसीपी टोलवेज की टीमें विभिन्न मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत के साथ सड़क सुरक्षा के अन्य जरूरी उपाय भी कर रही हैं। दुर्घटना बाहुल्य और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड तथा अन्य सुरक्षा संकेतक लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालकों को संभावित खतरे की जानकारी पहले से मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत कार्य में तेजी बनाए रखने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़कों को सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाना प्राथमिकता है। अभियान के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य लगातार जारी रखा जाएगा, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।



