Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि: पन्नूगंज पुलिस ने 10.250 किलो गांजा के साथ युवक को पकड़ा, कार भी बरामद.
पन्नूगंज पुलिस ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत 10 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। परसौटी के पास कार्रवाई में गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार भी बरामद की गई। गांजा और वाहन समेत बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
sonbhadra
4:31 PM, Oct 6, 2026
Share:


ऑपरेशन शुद्धि के तहत पन्नूगंज पुलिस की कार्रवाई, गिरफ्तार आरोपी और गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स वाहन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” अभियान के तहत पन्नूगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक को 10 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया। गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस के अनुसार गांजा और वाहन समेत बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर सिंह के मार्गदर्शन में पन्नूगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त कर रही थी। पुलिस के मुताबिक टीम बिहारी मोड़ से करीब 50 मीटर आगे ग्राम परसौटी के पास संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन तेजी से मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने कुछ दूरी पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर सफेद-लाल रंग के प्लास्टिक के बोरे में रखे पांच पैकेट मिले। नियमानुसार जांच और भौतिक सत्यापन के बाद पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने गांजे का कुल वजन 10 किलो 250 ग्राम बताया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम राजप्रकाश बौद्ध पुत्र जयप्रकाश, निवासी परसौटी, थाना पन्नूगंज, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 21 वर्ष बताया। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना पन्नूगंज में मु.अ.सं. 187/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार आरोपी को 06 अक्टूबर 2026 को रात 00:46 बजे गिरफ्तार किया गया और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स वाहन को भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए थाना परिसर में खड़ा कराया गया। पुलिस ने आरोपी का आपराधिक इतिहास भी बताया है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में धारा 115(2), 352, 351(2) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। वर्तमान मामले को मिलाकर पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ दो मुकदमों का विवरण सामने आया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय, उपनिरीक्षक अजीत कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल राम निवास यादव, हेड कांस्टेबल राघोवेन्द्र सरकार और कांस्टेबल लवकुश खरवार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


