Sonbhadra News: बारात में जा रहे युवक की दर्दनाक मौत, बाइक पेड़ से टकराकर खाई में गिरी.
म्योरपुर थाना क्षेत्र के म्योरपुर–लीलासी मार्ग पर बाइक हादसे में युवक की मौत हो गई। अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। मृतक की पहचान सुनील कुमार (25) निवासी बलियरी के रूप में हुई है। वह अपने साले की बाइक से बारात में जा रहा था।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
2:36 PM, Apr 20, 2026
Share:


पुलिस ने युवक को खाई से बाहर निकलवाया, अस्पताल ले जाने से पहले युवक की हो चुकी थी मौत।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा म्योरपुर–लीलासी मार्ग पर सुपाचुंआ गांव स्थित भुक्कू पहरी के पास रविवार देर रात हुआ, जहां अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और रात भर घटनास्थल पर ही पड़ा रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुनील कुमार (25) पुत्र मिठाईलाल, निवासी बलियरी के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर था और रविवार रात अपने साले की बाइक लेकर नौडिहा गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में भुक्कू पहरी के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब राहगीरों की नजर खाई में गिरी बाइक और युवक पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लीलासी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को खाई से बाहर निकलवाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लीलासी चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
