Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज में पीडीए महासम्मेलन, सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान.
रॉबर्ट्सगंज के सोन पैलेस में विशाल पीडीए महासम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें सपा, जन अधिकार पार्टी के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पीडीए समाज के लोग शामिल हुए। सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, जातीय जनगणना और पीडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
sonbhadra
5:17 PM, Sep 8, 2026
Share:


रॉबर्ट्सगंज में आयोजित पीडीए महासम्मेलन में शामिल नेता और कार्यकर्ता, मंच से संबोधित करते सांसद बाबू सिंह कुशवाहा तथा सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज स्थित चंडी होटल के पास सोन पैलेस में विशाल पीडीए महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाजवादी पार्टी और जन अधिकार पार्टी के नेताओं के साथ पीडीए समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, राजनीतिक भागीदारी और जातीय जनगणना के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। वक्ताओं ने पीडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। महासम्मेलन में जन अधिकार पार्टी के संस्थापक एवं सांसद बाबू सिंह कुशवाहा भी सोनभद्र पहुंचे और उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत का संकेत है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज ने तय कर लिया है कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को संगठन और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूक करने की अपील की। सांसद ने भाजपा सरकार पर सामाजिक न्याय के विरोध में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों, नौजवानों, मजदूरों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता के माध्यम से इन वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया जा सकता है। सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पीडीए सरकार जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए की बढ़ती एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने गरीब, पिछड़े और कमजोर वर्गों के हितों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए सभी से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ने का आह्वान किया। वहीं सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए पीडीए समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की। जन अधिकार पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य ने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आबादी के अनुपात में समाज के लोगों को अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने पीडीए समाज से एकजुट होकर सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे बढ़ाने की अपील की। महासम्मेलन में सपा, जन अधिकार पार्टी और पीडीए समाज से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



