Sonbhadra News: पुलिस ने फरार अभियुक्त के खिलाफ की कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई, मकान पर चस्पा किया नोटिस.
जुगैल पुलिस ने वांछित अभियुक्त सोनू घसिया के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कुर्की की उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने उसके मकान और सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई। आरोपी थाना कोन के एक मामले समेत चोपन के दो मामलों में वांछित है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
sonbhadra
7:38 PM, Jul 28, 2026
Share:


वांछित अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर जुगैल पुलिस ने कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई करते हुए नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगैल पुलिस ने फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने अभियुक्त के मकान सहित सार्वजनिक स्थानों पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा कराए और पीए सिस्टम के माध्यम से मुनादी भी कराई। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में मंगलवार को थाना जुगैल पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार थाना कोन के मुकदमा अपराध संख्या 09/2026, धारा 109(1) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त सोनू घसिया पुत्र सुरेंद्र उर्फ सुलेन्द्र घसिया, निवासी चुर्क मोड़ घसिया बस्ती, थाना रॉबर्ट्सगंज के विरुद्ध न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में उसके आवास एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुर्की उद्घोषणा संबंधी नोटिस चस्पा किए गए। पुलिस के मुताबिक 14 जनवरी 2026 को थाना कोन क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त कृष्ण उर्फ कृष्ण देव को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका साथी सोनू घसिया मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सोनू घसिया के विरुद्ध थाना कोन के अलावा थाना चोपन में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 के दो मामले भी शामिल हैं, जिनमें वह वांछित चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जुगैल पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि अभियुक्त शीघ्र न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
