Sonbhadra News: एक सप्ताह में भरेंगे सड़कों के गड्ढे, लापरवाही से हादसा हुआ तो अफसर की तय होगी जिम्मेदारी: डीएम.
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एक सप्ताह के भीतर जिले की सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए। अधिकारियों को दुर्घटना संभावित मार्गों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने को कहा गया। डीएम ने चेताया कि गड्ढों के कारण हादसा हुआ तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
sonbhadra
5:14 PM, Aug 25, 2026
Share:


जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और गड्ढामुक्त अभियान में तेजी लाने के निर्देश।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दुर्घटनाओं की रोकथाम और बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अभियान चलाकर सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा सीधे आमजन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, टोल प्लाजा, नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक गड्ढों वाले और दुर्घटना संभावित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तत्काल मरम्मत की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक मार्ग की स्थिति, मरम्मत की प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सड़क के गड्ढों के कारण यदि कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित अधिकारी या विभाग की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित और आवारा पशुओं पर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़ने और नियमानुसार गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने, सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों का असर केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, एसडीएम घोरावल विशाल कुमार, एसडीएम रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अभियंता, एआरटीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



