Sonbhadra News: रेलवे ओवर ब्रीज़ निर्माण को लेकर तैयारियां तेज, पैदल व बाइक चालकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग.
रॉबर्ट्सगंज में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पैदल यात्रियों के लिए लगभग एक मीटर चौड़ा रास्ता छोड़ा जाएगा, ताकि आवागमन पूरी तरह बाधित न हो। परियोजना को पूरा होने में करीब एक से डेढ़ वर्ष का समय लग सकता है। वहीं भाजपा नेता धर्मवीर तिवारी ने पैदल और बाइक चालकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है
sonbhadra
1:56 PM, May 28, 2026
Share:


होने वाली समस्या के मद्देनजर लोगों से बात करते भाजपा नेता धर्मवीर तिवारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, रॉबर्ट्सगंज।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज में प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रीज़ निर्माण कार्य को लेकर प्रशासनिक और विभागीय तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य इस तरह से कराया जाएगा, जिससे आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और आवागमन पूरी तरह बाधित न होने पाए। इसके लिए पैदल आने-जाने वाले लोगों हेतु लगभग एक मीटर चौड़ा रास्ता छोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना न करना पड़े। साथ ही ट्रेन और अन्य वैकल्पिक साधनों से भी लोगों की आवाजाही जारी रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार सड़क की निर्धारित चौड़ाई लगभग नौ मीटर है, लेकिन कई स्थानों पर अतिक्रमण होने के बावजूद फिलहाल जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई नहीं की जा रही है। पहले फ्लाईओवर और मुख्य हिस्से का निर्माण कार्य सड़क के मध्य भाग में कराया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे किनारे और अतिक्रमण वाले हिस्सों को हटाया जाएगा।
विज्ञापन
ताकि लोगों को अचानक असुविधा का सामना न करना पड़े। वर्तमान समय में बैरिकेडिंग का कार्य शुरू हो चुका है और अगले एक-दो दिनों में सड़क को पूरी तरह बंद कर पाइल मशीनों से निर्माण कार्य शुरू किए जाने की तैयारी है। अधिकारियों का अनुमान है कि पूरे फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग एक वर्ष से डेढ़ वर्ष तक का समय लग सकता है।
इधर भाजपा नेता धर्मवीर तिवारी ने फ्लाईओवर निर्माण को क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि यह सड़क इलाके की लाइफ लाइन है और रॉबर्ट्सगंज को बिहार तक जोड़ने का प्रमुख मार्ग है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी डीटीएम और जिलाधिकारी से बातचीत हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य के दौरान पैदल चलने वालों और बाइक सवारों के लिए कम से कम वैकल्पिक व्यवस्था अवश्य की जाए। धर्मवीर तिवारी ने कहा कि खलियारी समेत पहाड़ी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गरीब लोग तहसील, कचहरी, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए रॉबर्ट्सगंज आते हैं। ऐसे में यदि पैदल और बाइक से आने-जाने की व्यवस्था बंद हो जाती है तो आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दोनों तरफ से सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की।



