Sonbhadra News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत की तैयारियां तेज, सदर विधायक ने साइकिल पर कसा जोरदार तंज.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को पहली बार सोनभद्र पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सदर विधायक भूपेश चौबे ने स्वर्ण जयंती चौक पर कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेगा। साथ ही 2027 के चुनाव को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा।
sonbhadra
7:49 PM, Jul 7, 2026
Share:


स्वर्ण जयंती चौक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत की तैयारियों में जुटे सदर विधायक भूपेश चौबे व भाजपा कार्यकर्ता।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बुधवार को प्रस्तावित प्रथम सोनभद्र आगमन को लेकर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सदर विधायक भूपेश चौबे स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी कार्यालय और नगर के विभिन जगहों के साथ-साथ रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक पर पहुंचकर झंडे लगवाते और स्वागत व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वागत द्वार, झंडे-बैनर और संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति बनाई जा रही है। मीडिया से बातचीत में सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और देश के सबसे बड़े सूबे के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का 4 राज्यों से घिरे सोनभद्र में पहला आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि चार राज्यों की सीमा से जुड़े रणनीतिक महत्व वाले सोनभद्र में प्रदेश अध्यक्ष का दौरा संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देगा। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नया जोश पैदा होगा। भूपेश चौबे ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की "साइकिल" कबाड़खाने में जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की विकास योजनाओं और संगठन की मजबूती के दम पर पार्टी एक बार फिर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है और सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दौरा संगठन को और मजबूत करेगा तथा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए आवश्यक मार्गदर्शन मिलेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह दौरा जिले के संगठन को नई गति देगा और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार मिलेगी।
