Sonbhadra News: सड़क हादसों में मददगार बनेगा “राहवीर”, बीजपुर पुलिस ने शुरू किया जनजागरूकता अभियान.
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर मदद दिलाने के लिए बीजपुर पुलिस ने “राहवीर” और कैशलेस उपचार योजना को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया है। थाना प्रभारी राजेश सिंह लोगों को जानकारी दे रहे हैं कि गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से ₹5,000 से ₹25,000 तक का पुरस्कार मिलेगा। साथ ही सड़क हादसे में घायल का ₹1.5 लाख तक नि:शुल्क इलाज भी कराया जाएगा।
sonbhadra
9:49 PM, May 12, 2026
Share:


राजेश सिंह 'राहवीर योजना' के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और लोगों में मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीजपुर पुलिस द्वारा “राहवीर” एवं “कैशलेस उपचार योजना” को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी राजेश सिंह स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। थाने के सामने लगाए गए नए सूचना बोर्डों के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को “गोल्डन ऑवर” यानी दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे “राहवीर” माना जाएगा। ऐसे मददगार नागरिकों को सरकार की ओर से ₹5,000 से लेकर ₹25,000 तक का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें पुलिस या न्यायालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही पूछताछ के नाम पर किसी प्रकार का उत्पीड़न किया जाएगा। मदद करने वाला व्यक्ति अपनी पहचान उजागर करने या न करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र रहेगा। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने ग्रामीणों को “कैशलेस उपचार योजना” की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का इलाज दुर्घटना की तिथि से अधिकतम सात दिनों तक ₹1.5 लाख तक नि:शुल्क कराया जाएगा। इसके लिए घायल को दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध पैनल अस्पताल में भर्ती कराना आवश्यक होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना देखने पर लोग भयभीत होने के बजाय मानवता का परिचय दें और तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। साथ ही घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बीजपुर पुलिस की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। सड़क किनारे लगाए गए सूचना बोर्ड राहगीरों के लिए मार्गदर्शक का कार्य कर रहे हैं और लोगों में यह विश्वास जगा रहे हैं कि समय पर मदद मिलने से कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
