Sonbhadra News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को रायपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार.
सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 81/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रतनलाल पुत्र रामाकांत निवासी गोटीबांध को नकटुवा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।
sonbhadra
2:00 PM, May 30, 2026
Share:


पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, रायपुर।
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में दर्ज मुकदमे के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के पर्यवेक्षण में थाना रायपुर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को एक महिला ने थाना रायपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक युवक ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी झांसे में रखकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए। बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया। महिला की शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 81/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 351(2) एवं 352 में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 मई 2026 को सुबह करीब 7:05 बजे नकटुवा चौराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतनलाल पुत्र रामाकांत, निवासी ग्राम गोटीबांध, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शमशेर यादव, आरक्षी अखिलेश कुमार, आरक्षी सचिन सिंह तथा आरक्षी सौरभ कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
