Sonbhadra News: दुष्कर्म के दोषी बबुन्दर को 10 वर्ष का सश्रम कारावास.
सोनभद्र में दुष्कर्म के मामले में दोषी बबुन्दर को अदालत ने 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया, न देने पर छह माह की अतिरिक्त कैद होगी। जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समाहित करने का आदेश दिया गया।
sonbhadra
4:10 PM, Oct 1, 2026
Share:


सरकारी वकील सत्यप्रकाश त्रिपाठी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
करीब सात वर्ष पूर्व महिला को शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किए जाने के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी/सीएडब्लू, सोनभद्र बिपिन कुमार तृतीय की अदालत ने दोषी बबुन्दर को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड नहीं देने पर दोषी को छह माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समाहित किया जाएगा। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, घोरावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने 17 अक्टूबर 2019 को न्यायालय में धारा 156(3) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़िता के अनुसार उसके पति वर्ष 2006 से महाराष्ट्र के नासिक में काम करते हैं और समय-समय पर घर आते हैं तथा उसके खाते में रुपये भेजते रहते हैं। आरोप है कि इसी जानकारी के आधार पर घोरावल थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी बबुन्दर पुत्र जोखन अपने साथी के साथ महिला के घर पहुंचा और 10 हजार रुपये कर्ज मांगने लगा। महिला द्वारा रुपये नहीं होने की बात कहने के बावजूद आरोपी कथित तौर पर उसके घर आता-जाता रहा। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसने महिला के साथ जबरन संबंध बनाए और करीब छह महीने तक उसे ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे डराने-धमकाने के साथ उससे 10 हजार रुपये भी ले लिए। इसके अलावा मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने और बातचीत करने का भी आरोप लगाया गया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसके पति द्वारा भेजे गए एक लाख रुपये भी ले लिए। भय के कारण वह लंबे समय तक अपने पति को घटना की जानकारी नहीं दे सकी। पीड़िता ने मामले की शिकायत उम्भा चौकी और घोरावल थाने में किए जाने की बात कही, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पति के घर लौटने के बाद उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर घोरावल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विवेचक ने आरोपी बबुन्दर के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी, अमानत में खयानत और आपराधिक षड्यंत्र सहित संबंधित आरोपों में न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्क सुने और गवाहों के बयान तथा पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन किया। इसके बाद बबुन्दर को दुष्कर्म के आरोप में दोषसिद्ध पाते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर छह माह की अतिरिक्त कैद होगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने पैरवी की।


