Sonbhadra News: एनटीपीसी रिहंद पहुंचे क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक दिवाकर कौशिक, परियोजना की गतिविधियों का लिया जायजा.
एनटीपीसी रिहंद परियोजना के दौरे पर पहुंचे क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं सीईओ एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक ने परियोजना की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने बालिका सशक्तीकरण अभियान में शामिल होकर बालिकाओं से संवाद किया, एफजीडी परियोजना और 20 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की।
sonbhadra
8:01 PM, Jun 10, 2026
Share:


एनटीपीसी रिहंद परियोजना के दौरे पर पहुंचे कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं सीईओ एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
एनटीपीसी रिहंद परियोजना में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं सीईओ एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक का दौरा गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। परियोजना परिसर पहुंचने पर कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तरा क्लब की अध्यक्षा सीमा कौशिक भी उनके साथ मौजूद रहीं। दौरे की शुरुआत दिवाकर कौशिक ने 'बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026' की कार्यशाला में भाग लेकर की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं से संवाद किया और उनके जन्मदिन समारोह में शामिल होकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रशासनिक भवन में एसएमसी सदस्यों के साथ बैठक कर परियोजना के प्रदर्शन और विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की।
विज्ञापन
साथ ही यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ भी सकारात्मक संवाद स्थापित किया। संयंत्र क्षेत्र के भ्रमण के दौरान उन्होंने फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) परियोजना का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने एफजीडी स्टेज-1 एवं 3 के लाइम स्टोन और जिप्सम हैंडलिंग सिस्टम के विद्युत भवन का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा निर्माणाधीन 20 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा इनटेक चैनल का भी अवलोकन किया। शाम को तरंग प्रेक्षागृह में उनके सम्मान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और एनटीपीसी गीत के साथ हुआ। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने स्वागत भाषण में रिहंद परियोजना की उपलब्धियों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में टाउनशिप के विभिन्न विद्यालयों, बाल भवन, ईडब्ल्यूए और महिला क्लब वेलफेयर विंग के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अपने संबोधन में दिवाकर कौशिक ने कहा कि रिहंद परियोजना उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय का एक गौरवशाली स्तंभ है, जिसने समय-समय पर अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी श्रेष्ठता और प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। उन्होंने रिहंद परियोजना की कार्य संस्कृति और उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। रिहंद परियोजना से रवाना होने से पूर्व दिवाकर कौशिक, सीमा कौशिक, परियोजना प्रमुख संजय असाटी एवं वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
