Sonbhadra News: रेनुकूट मारपीट कांड का खुलासा, पिपरी पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के तीन आरोपी को दबोचा.
रेनुकूट में मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में पिपरी पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की चाबी बरामद की है।
sonbhadra
9:13 PM, Jul 31, 2026
Share:


क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय ने रेनुकूट मारपीट कांड के सफल अनावरण और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
थाना पिपरी पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के एक चर्चित मामले का सफल अनावरण करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान के पास संदीप पाल और तीन युवकों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने संदीप के साथ मारपीट की। इसी दौरान विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप की दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर थाना पिपरी में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेलवे रेनुकूट के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन मार्ग के पास से तीनों आरोपियों- अजय पाण्डेय, वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरु और विशाल सिंह उर्फ बिट्टू-को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी बरामद कर ली गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
