Sonbhadra News: कालाबाजारी के शक में आरके सेल्स के गोदाम पर छापा, 450 बोरा चीनी बरामद; दस्तावेज नहीं मिलने से हड़कंप.
रेणुकूट में दुद्धी तहसील प्रशासन की टीम ने शनिवार को खाड़पाथर स्थित आरके सेल्स के गोदाम पर छापेमारी की। जांच के दौरान गोदाम में 450 बोरा चीनी का स्टॉक मिला, लेकिन मौके पर स्टॉक से संबंधित आवश्यक अभिलेख नहीं मिले। नायब तहसीलदार, आपूर्ति निरीक्षक और लेखपाल की मौजूदगी में स्टॉक की जांच की गई। प्रशासन ने चीनी के खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी
sonbhadra
6:42 PM, Aug 22, 2026
Share:


रेणुकूट के खाड़पाथर स्थित आरके सेल्स गोदाम में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में चीनी का स्टॉक जांचती तहसील प्रशासन की टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
चीनी की कथित कालाबाजारी और अवैध भंडारण की आशंका को लेकर दुद्धी तहसील प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम ने नगर के खाड़पाथर स्थित चीनी स्टॉकिस्ट आरके सेल्स के गोदाम पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक मिलने से मौके पर हड़कंप मच गया। जांच में कुल 450 बोरा चीनी बरामद की गई। तहसील प्रशासन की टीम ने गोदाम में मौजूद चीनी के स्टॉक का निरीक्षण किया और उससे संबंधित आवश्यक अभिलेख व कागजात मांगे। अधिकारियों के अनुसार मौके पर स्टॉक से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चीनी के स्टॉक का सत्यापन और अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है। छापेमारी की कार्रवाई नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में आपूर्ति निरीक्षक परवेज आलम और लेखपाल रंजय यादव भी शामिल रहे। अधिकारियों ने गोदाम में रखे स्टॉक की मात्रा, भंडारण और उससे जुड़े रिकॉर्ड के संबंध में जानकारी जुटाई। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में चीनी किस उद्देश्य से रखी गई थी और क्या इसका भंडारण निर्धारित नियमों के अनुरूप है। इसके साथ ही चीनी की खरीद, बिक्री, आपूर्ति और भंडारण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की जा रही है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्टॉक में कोई अनियमितता है या नहीं। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने मौके से आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि स्टॉक अथवा दस्तावेजों में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
