Sonbhadra News: आरओबी निर्माण की धीमी रफ्तार पर भड़के सदर विधायक, अधिकारियों को लगाई फटकार.
निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के चलते बढ़ी जनसमस्याओं को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वैकल्पिक मार्ग के धीमे निर्माण पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को फटकार लगाई। विधायक ने युद्ध स्तर पर वैकल्पिक मार्ग तैयार कर आमजन को जल्द राहत देने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
sonbhadra
5:29 PM, Jul 28, 2026
Share:


रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन आरओबी का निरीक्षण कर सदर विधायक भूपेश चौबे ने वैकल्पिक मार्ग के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जनपद के रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के चलते आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर मंगलवार को सदर विधायक भूपेश चौबे ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वैकल्पिक मार्ग के धीमे निर्माण पर नाराजगी जताते हुए रेलवे और आरओबी निर्माण कंपनी के अधिकारियों को फटकार लगाई तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और रोजमर्रा के कार्यों से आने-जाने वाले हजारों लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्ध स्तर पर पूरा कराने को कहा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान विधायक ने तहसीलदार अमित सिंह को रेलवे फाटक के बगल से प्लांटेशन होते हुए मेहुड़ी जाने वाले मार्ग को तत्काल वैकल्पिक रास्ते के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण कर सड़क के दोनों ओर लगभग तीन-तीन मीटर चौड़े वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
गौरतलब है कि रेलवे फाटक बंद होने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ पहले ही रेलवे, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर चुके हैं। बैठक में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि जाम, धूल और खराब रास्तों के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की परेशानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और लोगों को शीघ्र राहत दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि निर्माण कार्य में लापरवाही जारी रही तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाया जाएगा।
