Sonbhadra News: रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी.
सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में झारो खुर्द गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे बुधवार सुबह करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
sonbhadra
7:50 PM, Jul 15, 2026
Share:


रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारो खुर्द गांव के समीप रेलवे ट्रैक किनारे बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे झारो खुर्द रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा की ओर रेलवे पुल के आगे पोल संख्या-2 के पास ट्रैक नंबर-1 के किनारे बकरी चराने गए ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब ग्रामीण झाड़ियों के पास पहुंचे तो वहां एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की हालत अत्यंत खराब होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। युवक का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने काले रंग की शर्ट और हल्के रंग की जींस पहन रखी थी।घटनास्थल से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
