Sonbhadra News: डीजे वाहन पलटने से सात कांवरिया घायल, गड्ढायुक्त सड़क बनी हादसे की वजह.
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव में सोमवार करीब 11 बजे जर्जर जुड़िया-पेढ़ मार्ग पर डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सात कांवरिया घायल हो गए। सभी मिर्जापुर से शिवद्वार धाम में जलाभिषेक करने आए थे और पूजा के बाद वापस लौट रहे थे। वाहन पलटने के दौरान उस पर रखा जनरेटर नीचे गिर गया, जिससे कुछ कांवरिया झुलसकर घायल हुए। घायलों में कई नाबालिग भी शामिल हैं।
sonbhadra
2:00 PM, Aug 17, 2026
Share:


शिवद्वार धाम से लौटते समय हादसे में घायल कांवरियों का सीएचसी घोरावल में उपचार, पुलिस ने पहुंचकर घायलों की मदद की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव में सोमवार को करीब 11 बजे गड्ढायुक्त सड़क पर डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार सात कांवरिया घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र से कांवरियों का जत्था शिवद्वार धाम में जलाभिषेक करने आया था। सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद सभी कांवरिया डीजे वाहन से वापस मिर्जापुर लौट रहे थे। इसी दौरान घोरावल कोतवाली क्षेत्र के जुड़िया-पेढ़ मार्ग पर गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान वाहन पर रखा जनरेटर भी नीचे गिर गया, जिससे कुछ कांवरिया झुलसकर घायल हो गए। दुर्घटना में देवा सरोज (17), अंकित (15), नान्हक बिंद (16), आशीष सरोज (27), हर्ष सरोज (14), अंकित सरोज (17) और देव (17) घायल हुए हैं। इनमें कई घायल नाबालिग बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी घोरावल पहुंचाया। पुलिस इंस्पेक्टर माधव सिंह, सेक्टर नंबर तीन तथा हेड कांस्टेबल राजीव कुमार सिंह की मौजूदगी में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएचसी घोरावल में चिकित्सक डॉ. नरेंद्र सरोज, डॉ. एपी सिंह और फार्मासिस्ट अमित सिंह की टीम घायलों के उपचार में लगी रही। चिकित्सकों द्वारा घायलों को आवश्यक दवा और उपचार दिया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जुड़िया-पेढ़ मार्ग लंबे समय से जर्जर और गड्ढायुक्त है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। सोमवार को इसी मार्ग पर हादसा होने के बाद एक बार फिर सड़क की बदहाली का मुद्दा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
