Sonbhadra News: झाड़ी में सांप के डसने से छह वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम.
बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव में सर्पदंश से छह वर्षीय छात्रा सफीना की मौत हो गई, वह प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक में पढ़ती थी। स्कूल से घर लौटते समय झाड़ी से फूल तोड़ने के दौरान सांप ने उसे डस लिया था, उपचार के बाद शुक्रवार शाम उसकी तबीयत बिगड़ गई।
sonbhadra
5:18 PM, Oct 17, 2026
Share:


सर्पदंश से जान गंवाने वाली छह वर्षीय मासूम सफीना की मुस्कुराती तस्वीर, परिवार की खुशियां छीन गई दर्दनाक घटना।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव में सर्पदंश से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा दो दिन पहले स्कूल से घर लौटते समय झाड़ी में छिपे सांप के डसने से घायल हो गई थी। शुक्रवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़होर गांव निवासी सलाहुद्दीन की छह वर्षीय पुत्री सफीना प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक की छात्रा थी। गुरुवार को स्कूल से घर लौटते समय वह सड़क किनारे लगी झाड़ी से फूल तोड़ने लगी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह झाड़ी में गिर गई, जहां पहले से छिपे सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए। शुक्रवार शाम को अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान को भी दी गई। शनिवार सुबह मृतका के पिता ने बभनी थाने में तहरीर देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


