Sonbhadra News: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सोनभद्र, सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब.
सावन के पहले सोमवार को शिवद्वार, चोपन स्थित सोनेश्वर महादेव, कैलाश मंदिर, ओबरा की डम-डम गुफा, भूतेश्वर दरबार और अगोरी के ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। गजराज नगर की महादेव भक्तों की टोली ने पवित्र सोन नदी से जल भरकर कई किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए डम-डम गुफा महादेव मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
sonbhadra
10:37 AM, Aug 3, 2026
Share:


सावन के पहले सोमवार पर शिवद्वार मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जलाभिषेक को श्रद्धालुओं की लंबी कतारें।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
सावन के पहले सोमवार पर पूरे सोनभद्र जिले में भगवान शिव के प्रति आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिले के प्रमुख शिवालयों में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर "हर-हर महादेव", "बम-बम भोले" और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से गूंजते रहे। प्रसिद्ध शिवद्वार मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। वही चोपन स्थित सोनेश्वर महादेव मंदिर और कैलाश मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं ओबरा स्थित प्रसिद्ध डम-डम गुफा महादेव मंदिर और भूतेश्वर दरबार में भी हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके अलावा अगोरी क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में भी भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
विज्ञापन
सावन के पहले सोमवार पर गजराज नगर की महादेव भक्तों की टोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने पवित्र सोन नदी से कलश में जल भरकर "बोल बम" के जयघोष और महादेव की भक्ति गीत डीजे धुन के साथ कई किलोमीटर की पैदल यात्रा की। कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। भक्त नंगे पैर चलते हुए डम-डम गुफा महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर शिव आराधना की। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, शिव महिमा का गुणगान और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। सावन के पहले सोमवार पर पूरे सोनभद्र में आस्था, भक्ति और उत्साह का अनुपम संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन माह में भगवान शिव की सच्चे मन से की गई आराधना से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, यही विश्वास उन्हें हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवालयों तक खींच लाता है।
