Sonbhadra News: छात्रों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन.
समाजवादी छात्र सभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी और यूथ ब्रिगेड ने छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। नेताओं ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग की। मांगें पूरी न होने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी गई।
sonbhadra
5:13 PM, Jul 23, 2026
Share:


पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में समाजवादी छात्र सभा का प्रदर्शन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
समाजवादी छात्र सभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी और यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को छात्रों और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भारत की राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं के निरस्त होने और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के कथित हनन के खिलाफ आवाज उठाई गई।
समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष पवन पटेल, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष बबलू धागर, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष जयुतेश गौतम तथा यूथ ब्रिगेड के सत्यम पांडेय ने कहा कि लगातार पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की।
विज्ञापन
साथ ही मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से जुड़े मामलों में संविधान और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राजेंद्र सिंह पटेल और विजय यादव ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस बल प्रयोग और लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है और इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने राष्ट्रपति से मांग की कि पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए जवाबदेह समिति गठित की जाए तथा छात्रों की आवाज सुनी जाए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी जन आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान सुनील सिंह गौड़, अनिल प्रधान, मन्नू पांडेय, त्रिपुरारी गौड़, अशोक पटेल, डॉ. लोपति सिंह पटेल, सरदार पारब्रह्म सिंह, जयप्रकाश मौर्य, अजीत कनौजिया, महेश पीयूष, हिदायत उल्ला खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
