Sonbhadra News: छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में सपा का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन.
छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने के बजाय प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कार्रवाई कर रही है। सपा ने छात्रों के हितों की लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया।
sonbhadra
2:23 PM, Jul 21, 2026
Share:


छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोनभद्र में सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर छात्रों एवं युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। प्रमोद यादव ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भाजपा सरकार मूकदर्शक बनी रही और अपनी बात रखने वाले युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि आज अपना हक मांगने पर छात्रों के खिलाफ लाठी-डंडे और बल प्रयोग का सहारा लिया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के भविष्य कहे जाने वाले छात्र-युवाओं पर जिस तरह कार्रवाई की गई, उसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के बजाय प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसाने का काम कर रही है। प्रमोद यादव ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन से निकलकर चले गए, जबकि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की पीड़ा सुनने की आवश्यकता थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 37 सांसदों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही कहा कि सांसद डिंपल यादव छात्रों के समर्थन में डटी रहीं और इस दौरान उन्हें भी चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान 15 से 17 वर्ष की छात्राओं तक पर लाठीचार्ज किया गया।प्रमोद यादव ने कहा कि यह कैसा "अमृत काल" है, जहां छात्रों और युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, जबकि पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी और जरूरत पड़ने पर अपने खून का एक-एक कतरा भी उनके अधिकारों के लिए समर्पित करेगी।
