Sonbhadra News: फीस बढ़ोतरी व महंगी किताबों के विरोध में सपा का प्रदर्शन, प्रशासन से कार्रवाई की मांग.
सोनभद्र में फीस बढ़ोतरी और महंगी किताबों के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज में अभिभावकों के साथ प्रदर्शन किया। जिला सचिव प्रमोद यादव ने निजी स्कूलों पर मनमानी और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया। प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि समस्या हल न होने पर आंदोलन होगा।
sonbhadra
5:20 PM, Mar 31, 2026
Share:


महंगी किताबों और यूनिफॉर्म पर भी उठाए सवाल निर्धारित दुकानों से खरीद की मजबूरी पर नाराजगी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही निजी विद्यालयों द्वारा फीस में बढ़ोतरी और पठन-पाठन सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज के कचहरी रोड पर अभिभावकों के साथ प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि जनपद के अधिकांश निजी विद्यालय, विशेषकर इंग्लिश मीडियम स्कूल, अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रमोद यादव ने यह भी आरोप लगाया कि कई विद्यालयों ने कॉपी-किताब और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए अपनी निर्धारित दुकानों को तय कर रखा है। अभिभावकों को मजबूरन उन्हीं दुकानों से महंगे दामों पर सामग्री खरीदनी पड़ रही है। इससे प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है और अभिभावकों का शोषण बढ़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल अभिभावकों ने भी खुलकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शिक्षा के नाम पर खुलेआम वसूली की जा रही है और उनकी आर्थिक स्थिति पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्कूल फीस को नियंत्रित किया जाए और मनमानी करने वाले विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान दीपू पांडेय, मनोज केसरी, सरफराज, सोनू तिवारी, अरुण कनौजिया, अशोक प्रजापति, संदीप भारती, सुरेश सिंह, अनिल यादव और जितेंद्र पाल सहित कई कार्यकर्ता व अभिभावक उपस्थित रहे।
