Sonbhadra News: अवैध खनन के विरोध में सपा का प्रदर्शन, निषाद समाज के बच्चों को न्याय दिलाने की उठी मांग.
अवैध खनन से बने गड्ढे में तीन किशोरों की मौत के विरोध में समाजवादी पार्टी ने स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही अवैध खनन पर रोक नहीं लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
sonbhadra
4:15 PM, Jun 27, 2026
Share:


अवैध खनन के विरोध में स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन करते समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
चोपन थाना क्षेत्र के मितापुर में सोन नदी में अवैध खनन से बने गड्ढे में डूबकर तीन किशोरों की मौत के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने सरकार और प्रशासन पर अवैध खनन रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया तथा निषाद समाज के मृतक बच्चों के परिजनों को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि सोनभद्र में लगातार अवैध बालू खनन हो रहा है, जिससे नदी में 30 से 40 फीट गहरे गड्ढे बन रहे हैं और हादसे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस पूरे मामले में मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि मृतक परिवारों को केवल औपचारिक मुआवजा देकर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं दिनेश साहनी और सुरेश अग्रहरि ने कहा कि जिले में खनन हादसे लगातार हो रहे हैं, लेकिन सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मृतक परिवारों को न्याय नहीं मिला और अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो समाजवादी पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी। कार्यक्रम का संचालन अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया। प्रदर्शन में मनीष केड़िया, लालू यादव, अशोक केवट, शौर्य त्रिपाठी, संदीप भारती, अर्जुन खरवार, सुरेंद्र प्रजापति, अनिल विश्वकर्मा, सरजू प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
