Sonbhadra News: सोनभद्र में तेज आंधी-तूफान का कहर, जनजीवन प्रभावित.
जिले में 70 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ों की डालियां सड़क पर गिर गईं। पोस्टर और होर्डिंग्स उखड़ गए, जबकि धूल और उड़ते सामान से वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
sonbhadra
7:48 PM, May 13, 2026
Share:


तेज़ आंधी के बहाव में स्टील का ड्रम बहता हुआ।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जिले में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। रॉबर्ट्सगंज, चोपन, ओबरा समेत कई इलाकों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी के दौरान जगह-जगह पेड़ों की डालियां और सूखे पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। कई स्थानों पर लगे पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स उखड़कर फट गए और सड़कों पर बिखर गए।
विज्ञापन
तेज हवाओं के कारण सड़क पर धूल का गुबार छा गया। कई जगह टीनशेड और दुकानों के बाहर रखा सामान और स्टील का ड्रम आंधी के तेज़ बहाव में बहता हुआ दिखा। अचानक आए तूफान से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते दिखाई दिए। बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी तेज हवा और धूल के कारण वाहन चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग सड़क किनारे रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए। आंधी-तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। कई इलाकों में बिजली के तार और पेड़ की डालियां गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई।
रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और चोपन के कई मोहल्लों में देर शाम तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को अंधेरे में समय बिताना पड़ा। चोपन बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चोपन गांव गौशाला के पास तीन से चार पोल टूटकर गिर गया, हाइडल कॉलोनी, बैरियर महेंद्र केसरी के घर के सामने, सिंदुरिया गैस गोदाम के पास में तार टूट गया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आंधी काफी तेज थी और कई मिनट तक लगातार चलती रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
