Sonbhadra News: झूलती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम.
कोन थाना क्षेत्र के पिपरहवा गांव में 17 वर्षीय संदीप कुमार की झूल रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह खेत में बकरी चरा रहा था। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पिपरहवा चौराहे पर रखकर कोन-तेलगुडवा मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था।
sonbhadra
9:07 PM, Jun 9, 2026
Share:


पिपरहवा चौराहे पर किशोर की मौत के विरोध में शव रखकर सड़क जाम करते ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर एक किशोर की जान पर भारी पड़ गई। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़रक्ष के टोला पिपरहवा में मंगलवार को झूल रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को पिपरहवा चौराहे पर रखकर कोन-तेलगुडवा मार्ग पूरी तरह जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार पिपरहवा निवासी संदीप कुमार (17) पुत्र रमाशंकर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे खेत में बकरी चरा रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर लगभग साढ़े चार फीट की ऊंचाई पर झूल रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को पिपरहवा चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईटेंशन तार काफी नीचे झूल रहा था और इसे ऊंचा कराने की मांग कई बार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। गौरतलब है कि करीब 14 दिन पहले भी कोन क्षेत्र के मिश्री गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक निविदा कर्मी की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी ग्रामीणों ने कोन-तेलगुडवा मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था।
