Sonbhadra News: शीशटोला जंगल में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, सराफा व्यवसायी से 300 ग्राम सोना व 8 किलो चांदी लूटी.
बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में शनिवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने सराफा व्यवसायी कुलधीर कुमार पर फायरिंग और चाकू से हमला कर लगभग 300 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी के जेवर व खाता-बही लूट ली। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है।
sonbhadra
12:58 PM, Jul 19, 2026
Share:


लूट की वारदात के बाद शीशटोला जंगल में घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे सराफा व्यवसायी से लूट की वारदात हुई। हथियारबंद बदमाशों ने व्यवसायी से मारपीट की, फायरिंग की और चाकू से हमला कर लगभग 300 ग्राम सोना और 8 किलो चांदी के जेवरात लूट लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, चपकी, रघुनाथ नगर, छत्तीसगढ़ निवासी कुलधीर कुमार (पुत्र सीताराम सेठ) बाजार से दुकान का सामान लेकर घर लौट रहे थे। शीशटोला जंगल में शाम करीब 6:30 बजे अपाची बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बदमाशों ने कुलधीर से जेवरात का झोला मांगा। विरोध करने पर आरोपियों ने हवा में फायरिंग की और कुलधीर पर चाकू से तीन बार हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनका झोला छीनकर फरार हो गए। पीड़ित कुलधीर ने बताया कि झोले में लगभग 300 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी के जेवरात और दुकान का खाता-बही था। हमले के बाद दो बदमाश पैदल जंगल की तरफ भागे, जबकि एक बदमाश मोटरसाइकिल से जिगनहवा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कुलधीर को उपचार के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि लूट, मारपीट और फायरिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है और सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने जंगल के रास्तों पर गश्त बढ़ा दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
वही बभनी क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि बभनी थाना क्षेत्र के चपकी निवासी कुलधीर कुमार, जो छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जनपद स्थित रघुनाथ नगर के साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी के आभूषण बेचने का कार्य करते हैं, शनिवार को बाजार से सामान बेचकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान थाना बभनी क्षेत्र के शीशटोला गांव के पास शाम करीब 6:15 बजे तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। बदमाश उनके पास मौजूद ज्वेलरी से भरा बैग एवं ₹40 हजार नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना बभनी पर मुकदमा संख्या 158/2026 बीएनएस की धारा 309(6) सहित अन्य सुसंगत धाराओं में पंजीकृत किया गया है। घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इसमें स्वाट एवं सर्विलांस टीमों को भी लगाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।



