मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news the crown of vortex cup 2026 goes to aryan cat obra became the champion by defeating super king in a thrilling match

Sonbhadra News: वोर्टेक्स कप 2026 का ताज आर्यन बिल्ली ओबरा के नाम, रोमांचक मुकाबले में सुपर किंग को हराकर बनी चैंपियन.

ओबरा के अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित वोर्टेक्स कप 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब आर्यन बिल्ली ओबरा ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने सुपर किंग को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग 8 ओवर में 42 रन ही बना सकी। जवाब में आर्यन बिल्ली ओबरा ने 7 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

sonbhadra

5:41 PM, Jun 17, 2026

Share:

Sonbhadra News: वोर्टेक्स कप 2026 का ताज आर्यन बिल्ली ओबरा के नाम, रोमांचक मुकाबले में सुपर किंग को हराकर बनी चैंपियन.
logo

वोर्टेक्स कप 2026 की विजेता टीम आर्यन बिल्ली ओबरा को ट्रॉफी प्रदान करते अतिथि एवं आयोजन समिति के सदस्य।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।

सोनभद्र।

ओबरा के अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित प्रतिष्ठित वोर्टेक्स कप 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन बेहद रोमांचक महामुकाबले के साथ हुआ। दूधिया रोशनी में खेले गए इस फाइनल मैच में आर्यन बिल्ली ओबरा ने उत्कृष्ट खेल भावना और सटीक रणनीति के बूते सुपर किंग को 6 विकेट से शिकस्त देकर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

Img

इस ऐतिहासिक जीत के बाद विजेता टीम और उनके समर्थकों में जश्न का माहौल है। फाइनल मुकाबले की शुरुआत टॉस के साथ हुई, जिसे आर्यन बिल्ली ओबरा के कप्तान ने जीता और पिच के मिजाज को भांपते हुए पहले क्षेत्ररक्षण (गेंदबाजी) करने का साहसिक निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुपर किंग की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। आर्यन बिल्ली ओबरा के गेंदबाजों ने कसी हुई और धारदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। दबाव के चलते सुपर किंग के विकेट नियमित अंतरालों पर गिरते रहे।

Img

निर्धारित 8 ओवरों के इस सीमित मुकाबले में पूरी टीम 9 विकेट खोकर केवल 42 रन ही बना सकी और विरोधी टीम के सामने 43 रनों का बेहद साधारण लक्ष्य रखा, 43 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्यन बिल्ली ओबरा की शुरुआत सधी हुई रही। हालांकि, सुपर किंग के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देकर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन आर्यन बिल्ली के बल्लेबाजों ने धैर्य नहीं खोया। टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 7 ओवरों में मात्र 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Img

इस तरह 6 विकेट शेष रहते आर्यन बिल्ली ओबरा ने इस टूर्नामेंट की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों पर पुरस्कारों की भारी बारिश हुई। फाइनल मुकाबले में अपनी टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाने वाले आर्यन बिल्ली ओबरा के खिलाड़ी चंद्रप्रकाश को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए दलवीर समरा और मुजफ्फर खान की ओर से मैन ऑफ द मैच का प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया।

Img

विजेता टीम की हौसला-अफजाई करते हुए समाजसेवी रमेश सिंह की तरफ से ₹51,000 का बंपर नकद पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही वोर्टेक्स की तरफ से भी ₹25,000 की नकद पुरस्कार राशि उप विजेता टीम को सौंपी गई। इस रात्रिकालीन महामुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्र के गणमान्य लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रमेश सिंह के प्रतिनिधि दीपक केशरी एवं तस्लीम खान ने मैदान पर पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई की।

Img

विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद निशा बबलू सिंह (पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, रेणुकूट), अजय प्रताप सिंह (ओबरा तापीय परियोजना), रमेश सिंह यादव (राष्ट्रीय खिलाड़ी), अमरजीत कुमार, संतोष साहनी, डब्लू सिंह (समाजसेवी, रेणुकूट) और गोविंदा जायसवाल ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

Img

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के रात्रिकालीन आयोजनों से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक बेहतरीन मंच मिलता है। प्रतियोगिता को सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में आयोजन समिति और अधिकारियों की भूमिका की हर तरफ सराहना हो रही है।

आयोजनकर्ता राजेश पंडित ने कहा:

आयोजनकर्ता राजेश पटेल ने बताया कि बवंडर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन बेहद सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के यूनिक नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ अलग और आकर्षक करने की सोच के साथ इसका नाम "बवंडर" रखा गया। यह केवल नाम नहीं बल्कि क्रिकेट का एक ऐसा तूफान था, जिसका असर ओबरा ही नहीं बल्कि पूरे सोनभद्र में देखने को मिला।

Img

उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन समिति का भरपूर सहयोग मिला। अगले वर्ष प्रतियोगिता को और भी बेहतर स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने माना कि किसी भी बड़े आयोजन में छोटी-मोटी कमियां रह जाती हैं, लेकिन उनसे सीख लेकर आगे सुधार किया जाएगा। राजेश पटेल ने बताया कि टूर्नामेंट का प्रारूप आगे भी इसी तरह बना रहेगा।

रनर-अप टीम सुपर किंग के कप्तान प्रदीप शर्मा का ने कहा:

Img

रनर-अप टीम सुपर किंग के कप्तान प्रदीप शर्मा ने कहा कि उनकी टीम के शुरुआती बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसका असर मैच के परिणाम पर पड़ा। उन्होंने कहा कि होम ग्राउंड का कोई अतिरिक्त फायदा या कमी महसूस नहीं हुई, क्योंकि यहां के दर्शकों ने खेल भावना के साथ सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विजेता टीम की सराहना करते हुए कहा कि सामने वाली टीम ने उनसे बेहतर क्रिकेट खेली और जीत की पूरी हकदार रही। प्रदीप शर्मा ने कहा कि उनकी टीम अगले वर्ष भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी और आवश्यकता पड़ने पर टीम संयोजन में बदलाव भी किया जाएगा।

विजेता टीम के कप्तान मनोज कुमार ने कहा:

Img

विजेता टीम के कप्तान मनोज कुमार ने ट्रॉफी जीतने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी टीम ने मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ खेला। शुरुआत से ही खिलाड़ियों का आत्मविश्वास मजबूत था और उन्हें विश्वास था कि ट्रॉफी उनकी टीम के नाम होगी। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति ने शानदार व्यवस्था की और खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान किया। मनोज कुमार ने कहा कि सोनभद्र में खेल प्रतियोगिताओं की संख्या बढ़नी चाहिए ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम अगले संस्करण में भी मजबूती के साथ उतरकर खिताब बचाने का प्रयास करेगी।

पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रमेश सिंह यादव ने कहा:

Img

'जल पुरुष' के नाम से विख्यात पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रमेश सिंह यादव ने दोनों टीमों और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इतनी मेहनत और समर्पण से आयोजित की गई यह प्रतियोगिता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में यह एक नई और सकारात्मक शुरुआत है। उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान समय में बच्चों का झुकाव खेल मैदानों की अपेक्षा मोबाइल फोन की ओर अधिक हो गया है, जिससे खेलों का स्तर प्रभावित हो रहा है।

Img

रमेश सिंह यादव ने कहा कि बच्चों को मैदान से जोड़ने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ओबरा और चुर्क क्षेत्र खेल प्रतिभाओं की भूमि रहा है। यहां से एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट और वॉलीबॉल में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकले हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिक से अधिक खेल मैदान और प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में, जहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

Img

पूरे टूर्नामेंट के दौरान इन चेहरों ने मुख्य कमान संभाली: राजेश पंडित (आयोजन अध्यक्ष) एवं प्रदीप शर्मा (आयोजन सचिव)। मीडिया एवं प्रचार अजीत सिंह (प्रतियोगिता मीडिया प्रभारी)। प्रबंधन एवं सहयोग टीम सोनू राय, विमलेश दीक्षित, फैजल खान, शुभम जायसवाल, आयुष माली, सिद्धार्थ गौतम, शुभम सिंह और आबिद खान। मैदानी निर्णायक (अंपायर) रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह (जिन्होंने पूरे मैच में सटीक और निष्पक्ष फैसले लिए)।आधिकारिक स्कोरर हिमांशु कुशवाहा (जिन्होंने हर एक गेंद का सटीक लेखा-जोखा रखा)। मैच समाप्ति के बाद आयोजन समिति ने आए हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.