Sonbhadra News: छत पर सो रहा था परिवार, सुबह टूटी अलमारियां और बिखरा सामान देख उड़े होश, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा.
डोडहर गांव निवासी राजकुमार के घर में बुधवार की मध्य रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोर ताले तोड़कर सामान घर से बाहर ले गए और कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची बीजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
8:03 PM, Jun 12, 2026
Share:


डोडहर गांव में चोरी के बाद घर से बाहर सुनसान स्थान पर फेंके गए टूटे बक्से और बिखरा सामान।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर गांव में बुधवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डोडहर गांव निवासी राजकुमार पुत्र बिहारी लाल का पूरा परिवार बुधवार की मध्य रात भोजन के बाद घर के दरवाजे बंद कर छत पर सो गया था। इसी दौरान देर रात शातिर चोरों ने घर पर धावा बोल दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी के समीप सुराख कर कुंडी खोल ली और घर के अंदर प्रवेश कर गए। घर में घुसने के बाद चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद नकदी एवं कीमती सामान से भरे बक्सों को घर से बाहर सुनसान स्थान पर ले जाकर तोड़ा और उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकद धनराशि लेकर फरार हो गए।
विज्ञापन
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में महिलाओं के बहुमूल्य गहने और नकदी शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। गुरुवार की सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला तथा घर के अंदर अलमारियों और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे। घर से कुछ दूरी पर खाली बक्से और बिखरा हुआ सामान मिलने के बाद चोरी की घटना का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची बीजपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित राजकुमार की लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडेय ने बताया कि चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
