Sonbhadra News: फांसी की घटना से ग्रामीणों में हड़कंप, परिवार में मचा कोहराम.
चोपन थाना क्षेत्र के सलखन ग्राम पंचायत स्थित बैरहवा टोला में रविवार सुबह धर्मेंद्र उर्फ पौड़ी धइकार (45) ने बबूल के पेड़ से लुंगी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पारिवारिक विवाद से परेशान थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
sonbhadra
11:01 AM, Jun 7, 2026
Share:


घटना के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की उमड़ी भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
चोपन थाना क्षेत्र के सलखन ग्राम पंचायत स्थित बैरहवा टोला में रविवार सुबह एक अधेड़ ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बैरहवा टोला निवासी धर्मेंद्र उर्फ पौड़ी धइकार (45) पुत्र देवी दयाल रविवार सुबह घर से थाने जाने की बात कहकर निकले थे। परिजनों के मुताबिक वह काफी समय से पारिवारिक विवाद और आपसी कलह को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक बबूल के पेड़ पर उन्होंने लुंगी के सहारे फांसी लगा ली।
विज्ञापन
कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक अपने पीछे पांच पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की, पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
