Sonbhadra News: रात चौपाल में प्रभारी मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश.
सोनभद्र के बहूआर गांव में शनिवार को "सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में प्रदेश के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में पेयजल, सड़क, बिजली, आवास, पेंशन, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
sonbhadra
8:24 PM, Jun 13, 2026
Share:


‘सरकार आपके द्वार’ जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित "सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत शनिवार को विकास खंड सदर के बहुअरा गांव में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व और स्वास्थ्य जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं व सुझाव प्रस्तुत किए। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य और जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने प्रत्येक ग्रामीण की बात को गंभीरता से सुना।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने इस अवसर पर कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुने और उनका समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। "सरकार आपके द्वार" अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करना है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका संतोषजनक एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता स्टालों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की संख्या तथा जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमित शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास जताते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
