Sonbhadra News: बारिश से गरीब परिवार का कच्चा मकान ढहा, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा.
बभनी के सहगोंड़ा गांव में तेज बारिश के चलते गरीब परिवार का मिट्टी का कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने से अनाज और गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया, परिवार के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया। ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर मदद का भरोसा दिया, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा और आवास की मांग की।
sonbhadra
6:55 PM, Sep 2, 2026
Share:


बारिश से कच्चा मकान धराशायी होने के बाद मौके पर क्षतिग्रस्त घर का जायजा लेते पीड़ित परिवार और ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी ब्लॉक की घघरी ग्राम पंचायत के सहगोंड़ा गांव में तेज बारिश के कारण एक गरीब परिवार का मिट्टी का मकान गिर गया। मंगलवार रात हुई बारिश के बाद रामकिशन के बेटे देव बाबू का कच्चा घर अचानक ढह गया। घर गिरने से उसमें रखा अनाज और घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। घर गिरने से पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की बड़ी समस्या आ गई है। बारिश के मौसम में घर उजड़ने से परिवार बहुत परेशान है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार बारिश से मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान कृष्णानन्द सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। ग्राम प्रधान ने लेखपाल से भी संपर्क कर नुकसान का जायजा लेने और रिपोर्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। इस दौरान ग्राम प्रधान कृष्णानन्द सोनी, क्षेत्र पंचायत सदस्य शिव कुमार और स्थानीय ग्रामीण उमंग गुप्ता समेत कई लोग मौजूद थे। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर तुरंत आकर नुकसान का सही आकलन किया जाए। साथ ही परिवार को फौरन आर्थिक मदद, मुआवजा, राशन और रहने के लिए घर दिया जाए, ताकि बारिश के इस मुश्किल समय में उन्हें राहत मिल सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि बारिश से प्रभावित गरीब परिवारों की हालत देखते हुए तुरंत मदद और सहायता दी जाए।



