Sonbhadra News: योगी सरकार की पहल से बदली परिषदीय स्कूलों की तस्वीर, 900 विद्यालयों में शुरू हुई स्मार्ट क्लास.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल और संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से सोनभद्र के 10 विकास खंडों के 900 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित की जा रही हैं। नई शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल कंटेंट, एनीमेशन और वीडियो के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
sonbhadra
7:43 PM, Jul 27, 2026
Share:


स्मार्ट क्लास के माध्यम से डिजिटल कंटेंट से पढ़ाई करते परिषदीय विद्यालय के छात्र-छात्राएं।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश सरकार की तकनीक आधारित शिक्षा नीति का सकारात्मक प्रभाव अब आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र जिले में भी दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से जिले के 10 विकास खंडों के 900 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित की जा रही हैं। इससे हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और रोचक शिक्षा मिल रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि स्मार्ट क्लास में उपयोग की जा रही संपर्क फाउंडेशन की एसटीवी डिवाइस में नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप एनसीईआरटी और एससीईआरटी से अनुमोदित शैक्षणिक सामग्री पहले से उपलब्ध है। इस सामग्री को आकर्षक एनीमेशन, वीडियो, चित्रों और गतिविधियों के माध्यम से तैयार किया गया है, जिससे बच्चों के लिए कठिन विषय भी आसानी से समझना संभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस डिवाइस को संचालित करने के लिए इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होती, जिससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। शिक्षक ऑडियो-वीडियो सामग्री की मदद से पढ़ाई को अधिक प्रभावी और रोचक बना रहे हैं, जिसका सकारात्मक असर बच्चों की उपस्थिति, सहभागिता और सीखने की क्षमता पर देखने को मिल रहा है।जिलाधिकारी ने कहा कि स्मार्ट क्लास शुरू होने के बाद बच्चों का पढ़ाई के प्रति उत्साह काफी बढ़ा है। एनीमेशन और दृश्य सामग्री के माध्यम से पढ़ाए जाने वाले पाठ विद्यार्थियों को लंबे समय तक याद रहते हैं। गणित, विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषय अब पहले की अपेक्षा अधिक सरल और रुचिकर बन गए हैं। बच्चे पूरे मनोयोग से कक्षा में भाग लेते हैं और सीखने की प्रक्रिया का आनंद उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और संपर्क फाउंडेशन की यह संयुक्त पहल सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित शिक्षकों और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे आने वाले समय में जिले के बच्चों के शैक्षणिक स्तर में और अधिक सुधार होने की उम्मीद है।
