Sonbhadra News: मूसलाधार बारिश में भी नहीं थमे कांवड़ियों के कदम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा चोपन-डाला.
सावन के अंतिम सोमवार पर डाला में हर-हर महादेव कांवड़ सेवा समिति ने भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। रामलीला मैदान से शुरू हुई यात्रा चोपन सोनघाट से पवित्र जल लेकर करीब 12 से 14 किमी की दूरी तय कर अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मूसलाधार बारिश के बावजूद हजारों कांवड़ियों के कदम नहीं रुके और हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों से चोपन-डाला गूंज उठा।
sonbhadra
11:51 AM, Aug 24, 2026
Share:


मूसलाधार बारिश के बीच तिरंगा और केसरिया ध्वजों के साथ उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा चोपन-डाला।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
सावन के चौथे और अंतिम सोमवार के अवसर पर 24 अगस्त को डाला में हर-हर महादेव कांवड़ सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा को लेकर सुबह से ही शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। रामलीला मैदान डाला से यात्रा की शुरुआत हुई। इसके बाद कांवड़िए चोपन सोनघाट पहुंचे, जहां पवित्र जल लेकर श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर डाला के लिए रवाना हुए। करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबी इस कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा के दौरान चोपन नगर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, लेकिन बारिश भी शिवभक्तों की आस्था और उत्साह को नहीं डिगा सकी। कांवड़िए भजन-कीर्तन करते हुए और हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। तिरंगा और केसरिया रंग के झंडों के साथ निकली कांवड़ यात्रा ने पूरे चोपन-डाला क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह शिवभक्तों के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। कांवड़ यात्रा में भगवान शिव से जुड़ी आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनीं। झांकियों के साथ चल रहे श्रद्धालु लगातार भगवान भोलेनाथ का जयघोष करते रहे। बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था और भक्ति का प्रतीक बताया।
चोपन सोनघाट से पवित्र जल लेकर कांवड़िए निर्धारित मार्ग से डाला पहुंचे। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से विधिवत जलाभिषेक किया और परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर और यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
विज्ञापन
कांवड़ यात्रा के करीब 12 से 14 किलोमीटर के मार्ग में विभिन्न संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से शिवभक्तों के लिए पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया गया। इससे बारिश के बावजूद कांवड़ियों को काफी सुविधा मिली।
हर-हर महादेव कांवड़ सेवा समिति के अध्यक्ष गोविन्द भारद्वाज और महामंत्री अवनीश पाण्डेय यात्रा के दौरान लगातार शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा को सफल बनाने के लिए पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली थीं। समिति के संरक्षक अंशु पटेल, निर्भय चौधरी और विनीत पांडेय भी यात्रा में शामिल रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
समिति की ओर से श्रद्धालुओं से अनुशासन और भक्तिमय वातावरण बनाए रखने की अपील की गई थी। वहीं, कांवड़ यात्रा को लेकर चोपन थाना पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को संभाला। सावन की अंतिम सोमवारी पर बारिश के बीच निकली इस भव्य कांवड़ यात्रा ने चोपन-डाला क्षेत्र में शिवभक्ति का ऐसा माहौल बनाया कि पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।
