Sonbhadra News: नागपंचमी पर बीजपुर में गूंजा खेलों का रोमांच, रिहंद नगर बॉयज ने जीता कबड्डी का खिताब.
बीजपुर के शांतिनगर में नागपंचमी पर समृद्धि जन कल्याण संस्थान के तत्वावधान में कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई। कबड्डी के फाइनल में रिहंद नगर बॉयज ने पुनर्वास-1 को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं कुश्ती में गांधी धाम के सोनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला जीतकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
sonbhadra
7:23 PM, Aug 17, 2026
Share:


नागपंचमी पर बीजपुर में कबड्डी-कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ करते थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
नागपंचमी के पावन अवसर पर समृद्धि जन कल्याण संस्थान के तत्वावधान में बीजपुर ग्राम पंचायत के शांतिनगर में कबड्डी एवं कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में क्षेत्र की विभिन्न टीमों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देर तक चले रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भी भीड़ जुटी रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने खेल को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम बताया। कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने दमखम और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला रिहंद नगर बॉयज टीम और पुनर्वास-1 टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया, लेकिन रिहंद नगर बॉयज ने बेहतरीन तालमेल और शानदार प्रदर्शन के दम पर पुनर्वास-1 को पराजित कर कबड्डी प्रतियोगिता का विजेता खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं कुश्ती प्रतियोगिता में भी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में गांधी धाम के सोनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शनि, ओमप्रकाश, सुमित एवं राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं रेफरी के रूप में रामदास ने अपनी जिम्मेदारी निभाई और मुकाबलों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सिद्धार्थ गुप्ता, केपी सोनकर, रंजीत चौधरी, मनीष यादव, जय सिंह, अमित गुप्ता एवं वाजिद अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
