Sonbhadra News: गांजा तस्करी का अनोखा जुगाड़ फेल, कार की लाइट से निकले 24 किलो गांजे के 24 पैकेट.
बभनी पुलिस ने कार की पिछली लाइट में छिपाकर ले जाए जा रहे 24 किलो 150 ग्राम गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजे के अलावा 5 लाख रुपये कीमत की वेरना कार भी बरामद की, कुल बरामदगी की कीमत 17.07 लाख रुपये है। गिरफ्तार दोनों आरोपी भोजपुर, बिहार के निवासी हैं, जिन्हें एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
sonbhadra
12:53 PM, Sep 8, 2026
Share:


बभनी थाने में पुलिस टीम के साथ गांजा तस्करी के आरोपियों की तस्वीर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बभनी पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा और एक वेरना कार बरामद की है। बरामद गांजा और कार की कुल अनुमानित कीमत करीब 17.07 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को बभनी थाना पुलिस टीम नधिरा तिराहा पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बभनी की ओर से एक वेरना कार आ रही है, जिसमें गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन संख्या UP70CD8010 को रोककर उसमें सवार दो लोगों से पूछताछ की और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की पीछे की लाइट के अंदर चोरी-छिपे बनाई गई कैविटी मिली। इसी गुप्त जगह में छिपाकर रखे गए 24 पैकेट गांजा बरामद हुए। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 24 किलो 150 ग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 7 हजार 500 रुपये बताई गई। इसके अलावा पुलिस ने करीब पांच लाख रुपये कीमत की वेरना कार भी जब्त की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार ओझा (23) पुत्र पवन ओझा और विकाश ओझा उर्फ अविनाश ओझा (26) पुत्र मिथिलेश ओझा के रूप में की है। दोनों आरोपी ग्राम जमुआ बिहिया, जिला भोजपुर, बिहार के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर बभनी थाने में मु.अ.सं. 195/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जिला कारागार सोनभद्र भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सरोज सहित थाना बभनी के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



