Sonbhadra News: लाखों की चोरी, ढाई लाख नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर!, त्योहार पर क्षेत्र में दहशत.
ओबरा थाना क्षेत्र के गजराज नगर में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब ढाई लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात समेत छह से सात लाख रुपये की संपत्ति चुरा ले गए। दीवार पर खून के निशान मिलने से चोर के घायल होने की आशंका है, सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
sonbhadra
12:36 PM, Oct 20, 2026
Share:


चोरी के बाद घर में बिखरा सामान, टूटे ताले और अलमारी का दृश्य; पीड़ित परिवार ने लाखों की संपत्ति चोरी होने की बात कही।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ओबरा।
सोनभद्र।
ओबरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन गजराज नगर में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का मुख्य गेट और अंदर के दरवाजों का ताला तोड़कर दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब ढाई लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने लगभग छह से सात लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान जताया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गजराज नगर निवासी राम मूरत जायसवाल ने बताया कि दशहरा पर्व के अवसर पर वह सोमवार को परिवार के साथ अपने गांव रामगढ़ गए थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसियों ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर दरवाजों और अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी के अलावा गले का हार, कान के दो टॉप्स, एक झुमका, चार पायल, कमरधनी और दो अंगूठियां चोरी कर लीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब छह से सात लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दीवार पर मिले खून के निशान-:
विज्ञापन
घटनास्थल पर एक दीवार पर खून के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान कोई चोर घायल हुआ होगा।बताया जा रहा है कि चोरों ने ताले और लॉकर तोड़ने के लिए सबल जैसे औजार का इस्तेमाल किया। हालांकि,चोर के घायल होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच में जुटी पुलिस-:
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रिहायशी इलाके में हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता है। पुलिस की जांच के बाद ही चोरी में शामिलआरोपियों और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



