Sonbhadra News: रेलवे लाइन के किनारे वृद्ध का शव मिलने से मचा हड़कंप.
चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी के अवई टोले में सोमवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे 75 वर्षीय वृद्ध का शव मिला। मृतक की पहचान राम स्नेही यादव निवासी मारकुंडी के रूप में हुई, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार वह रविवार रात घर से निकले थे, आशंका है कि मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हुई।
sonbhadra
12:02 PM, Aug 24, 2026
Share:


रेलवे लाइन पर हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, मृतक राम स्नेही यादव की फाइल फोटो के साथ घटनास्थल का दृश्य।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी ग्राम पंचायत के अवई टोले में सोमवार की अलसुबह रेलवे लाइन के किनारे एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राम स्नेही यादव (75) पुत्र स्वर्गीय बच्चन यादव, निवासी मारकुंडी, थाना चोपन, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि राम स्नेही यादव मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और रविवार की रात घर से निकल गए थे। सोमवार की सुबह उनका शव रेलवे लाइन के बगल में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका है कि रात में किसी मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर डायल 112 की टीम के साथ गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जांच-पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वृद्ध रेलवे लाइन के पास कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। वृद्ध की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
